Himachal PradeshSolan

बिजली सबसिडी खत्म होने से नालागढ़ उद्योग संघ नाराज

Spread the love

टैरिफ में बढ़ोतरी से उद्योग चलाना असंभव

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

हिमाचल प्रदेश में बड़े उद्योगों की बिजली सबसिडी खत्म किए जाने और टैरिफ में बढ़ोतरी के कदम पर नालागढ़ उद्योग संघ ने कड़ा रुख जाहिर करते हुए इसे उद्योगों को उजाडऩे का कदम करार दिया है। नालागढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की अध्यक्ष अर्चना त्यागी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विद्युत दरों के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। उद्योगपतियों ने प्रदेश सरकार के इस कदम को निराशाजनक व निवेश को रोकने की कवायद करार दिया। इस ज्वलंत मुद्दे पर हर किसी ने अपनी जमकर भड़ास निकाली और कहा कि आखिर प्रदेश सरकार राज्य के उद्योगों को उजाडऩे पर क्यों तुली हुई है, जबकि यह रोजगार देने में सबसे आगे है। एनआईए की अध्यक्ष अर्चना त्यागी, महासचिव अनिल व संरक्षक रामगोपाल अग्रवाल कहा कि इस समय जब उद्योग पहले से ही घाटे और कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं, तो ऐसे में सरकार को सबसिडी खत्म करने का कदम नही उठाना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि सबसिडी खत्म किए जाने से टैरिफ जाने से एक रुपए प्रति यूनिट बिजली के दाम बढ़ जाएंगे,जिससे हिमाचल में बड़े पैमाने पर रोजगार देने वाले कारखाने चलाने बहुत मुश्किल हो जाएंगे। उद्योगपतियों ने कहा कि हिमाचलियों को मुश्किल से मिलने वाला रोजगार प्रभावित हो सकता है। इस कीमत पर प्रदेश में राजस्व पैदा नहीं किया जा सकता कि किसी को टैक्स के चक्कर में पूरी तरह बर्बाद करके जिंदा नहीं रखा जा सकता।

बढ़ती दरों को जल्द वापस ले प्रदेश सरकार

नालागढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने कहा कि हम सरकार को याद दिलाना चाहेंगे कि प्रारंभ में जब इस बीबीएन क्षेत्र में उद्योग स्थापित किए गए थे, तो सरकार की ओर से एक प्रतिबद्धता थी कि वे बेहतर बुनियादी ढांचा, सडक़ सहित बुनियादी सुविधाएं आदि प्रदान करेंगे। अनिल शर्मा ने कहा कि दुखद पहलू यह है कि चार दशक बाद भी कुछ नहीं किया है। तथ्यों को ध्यान में रखते हुए, हम विनम्रतापूर्वक सरकार से आग्रह करते हैं बढ़ी हुई दरों को अविलंब वापस लिया जाए। सदस्यों से औपचारिक परिचय के बाद नए शामिल सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

सभी सदस्यों से सहयोग की अपील

एनआईए के उपाध्यक्ष वीके जोशी ने सभी सदस्यों को सहयोग करने, एकजुट होने और इसे मजबूत करने की सलाह दी। बैठक में आरजी अग्रवाल संरक्षक, अनिल कुमार शर्मा महासचिव, संजीव अग्रवाल, संरक्षक रवि निरंकारी, आशिमा जैन, बीएस ठाकुर, सुनील तलवार, करणजीव अरोड़ा, राजेंद्र सिंह, मानिंद सांख्यान, अजय शर्मा, शमशेर सिंह, सुमन सैनी, भवानी शंकर नायक, अजय कौंडल और अन्य सदस्यों ने मीटिंग में भाग लिया।