Himachal Weather : सितंबर में जून का असर, हिमाचल में प्रचंड गर्मी
पांच जिलों में 35 डिग्री के पार पहुंचा पारा, पर्यटक स्थल भी तपे
शिमला में 28 तो मनाली में 27 डिग्री पहुंचा तापमान
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
हिमाचल में प्रचंड गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। जून का रिकार्ड टूट गया है। ऊना समेत प्रदेश के पांच जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। मंगलवार को ऊना का तापमान 38 डिग्री को पार कर गया। जबकि कांगड़ा, मंडी, चंबा और बिलासपुर में भी तापमान 35 डिग्री पर पहुंच रहा है। सामान्य तौर पर सितंबर माह में हल्की सर्दी का दौर शुरू हो जाता है। लेकिन इस बार गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। शिमला में भी तापमान 28 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। जो सामान्य से कहीं अधिक है। शिमला के अलावा अन्य पर्यटन स्थलों मनाली, केलांग में भी तापमान 25 डिग्री से बाहर चल रहा है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को भी दिन के समय होटलों में दुबकने को मजबूर होना पड़ रहा है। मैदानी इलाकों की तपिश मिटाने हिमाचल आने वाले पर्यटकों को भी राहत नहीं मिल पा रही है।
मौसम विभाग ने गुरुवार से मौसम खराब होने की बात कही है और दो दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मौसम बदलता है तो तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि अब सितंबर का आखिरी हफ्ता बचा है। इस दौरान दो दिन तक मौसम खराब रहेगा। जबकि अन्य दिनों में मौसम साफ बना रहेगा। सितंबर के आखिरी दिनों में मानसून की हिमाचल से विदाई हो जाएगी और इसके बाद मानसून का असर प्रदेश में नहीं दिखेगा। मौसम विभाग ने तापमान बढऩे पर चिंता भी जताई है। उन्होंने कहा कि आगामी दो दिन में होने वाली बारिश से तापमान के कम होने की संभावना रहेगी।
प्रदेश में उच्च तापमान
ऊना 38.6
बिलासपुर 36.6
चंबा 35.2
कांगड़ा 35.0
मंडी 35.0
सुंदरनगर 34.7
सोलन 33.0
धर्मशाला 32.0
नाहन 31.7
शिमला 28.4
मनाली 27.7
केलांग 25.9
