EducationHimachal Pradesh

Pre Nursery Teachers के लिए नियम तय, इस उम्र तक कर सकेंगे आवेदन

Spread the love

स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन वेरिफाई करेगा उम्मीदवारों का डिप्लोमा

टैक्स और फीस कटने के बाद 10 हजार से कम मिलेगी पगार

आउटसोर्स आधार पर भरे जाएंगे 6297 पद

50 फ़ीसदी अंकों के साथ प्लस टू और नर्सरी टीचर एजुकेशन में डिप्लोमा जरूरी

एससी, एसटी, ओबीसी और विकलांग अभ्यर्थियों को पांच फीसदी की छूट

21 साल से 45 साल तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

शिक्षकों को एक से दूसरे स्कूल में भेज सकेगी एजेंसी

संबंधित स्कूल के हैड को ही देनी होगी दैनिक रिपोर्ट

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे

राज्य सरकार ने प्री-नर्सरी टीचर्स की आउटसोर्स भर्ती के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। इन्हें अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन ट्यूटर का दर्जा दिया गया है। कुल 6297 ऐसे पद हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डिवेलपमेंट कारपोरेशन के माध्यम से भरे जाएंगे। शिक्षा सचिव की ओर से प्रारंभिक शिक्षा निदेशक को गाइडलाइन भेज दी गई है। एक सप्ताह के भीतर इसे भर्ती एजेंसी को आगे भेजने को कहा गया है। इस भर्ती के लिए राज्य सरकार दो साल का एनटीटी डिप्लोमा लेगी। गाइडलाइन में एक साल के डिप्लोमा का कोई जिक्र नहीं है। पात्रता नियमों में बताया गया है कि 50 फ़ीसदी अंकों के साथ प्लस टू और नर्सरी टीचर एजुकेशन में डिप्लोमा या प्री-स्कूल एजुकेशन या अर्ली चाइल्डहुड एजुकेशन प्रोग्राम का दो साल का डिप्लोमा नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन से रिकॉग्नाइज संस्थान से चाहिए। एससी, एसटी, ओबीसी और विकलांगता की सूरत में पांच फीसदी की छूट अंकों में मिलेगी। जो बोनाफाइड हिमाचली नहीं हैं, उनके लिए 10वीं और 12वीं हिमाचल में पास किया होना जरूरी है।

सरकार की ओर से तय की गई गाइडलाइन कहती है कि इन्हें प्रति शिक्षक 10000 रुपए का पारिश्रमिक दिया जाएगा, लेकिन इसमें से टैक्स और अन्य फीस माइनस हो जाएगी। साथ ही इन शिक्षकों को 10 महीने का ही पारिश्रमिक दिया जाएगा। स्कूल की छुट्टियों के दौरान दो महीने पैसे नहीं मिलेंगे। इस भर्ती के तहत नियुक्त होने वाले प्री-नर्सरी टीचर्स की प्रारंभिक शिक्षा विभाग पर कोई ऑब्लिगेशन नहीं होगी। संबंधित जिला के डिप्टी डायरेक्टर के प्रशासनिक नियंत्रण में ये काम करेंगे और दैनिक रिपोर्ट संबंधित स्कूल के हैड को ही देनी होगी। किसी भी शिक्षक की सेवाओं को बिना सरकार की मंजूरी के खत्म नहीं किया जा सकेगा। इसके लिए आयु सीमा 21 साल से 45 साल तक रखी गई है। हालांकि आउटसोर्स एजेंसी प्री-प्राइमरी छात्रों की एनरोलमेंट में होने वाले बदलाव के अनुसार इन शिक्षकों को एक स्कूल से दूसरे स्कूल में भेज सकती है।

आउटसोर्स कर्मचारी वाली छुट्टियां ही मिलेंगी

प्री-नर्सरी टीचर्स को राज्य सरकार में आउटसोर्स कर्मियों के लिए उपलब्ध छुट्टियां ही मिलेंगी। इनके डिप्लोमा सर्टिफिकेट मान्यता प्राप्त संस्थान से हैं या नहीं? इसकी वेरिफिकेशन भर्ती एजेंसी यानी स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डिवेलपमेंट कॉरपोरेशन को करनी है। शिक्षा विभाग ने फर्जी प्रमाण पत्रों के मामलों को देखते हुए भर्ती एजेंसी को अलग से निर्देश दे रखे हैं। एजेंसी को कहा गया है कि नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन की वेबसाइट पर मौजूद रिकॉग्नाइज संस्थाओं की लिस्ट के अनुसार ही रिकमेंडेशन की जाए।