Himachal Pradesh

विक्रमादित्य को पार्टी की लकीर न लांघने के आदेश

Spread the love

दिल्ली में केसी वेणुगोपाल और शुक्ला की नसीहत
प्रतिभा बोलीं, कमेटी जो फैसला करेगी, वही होगा

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
शहरी विकास और पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बयान पर सियासत गरमा गई है। शुक्रवार को दिल्ली में विक्रमादित्य सिंह ने कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात की है। केसी वेणुगोपाल ने दो टूक शब्दों में उन्हें पार्टी की लकीर न लांघने के निर्देश दिए हैं। केसी वेणुगोपाल से मुलाकात के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने उनके बयान का गलत मतलब निकालने की बात कही है। केसी वेणुगोपाल ने उन्हें साफ कहा है कि राहुल गांधी और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े मोहब्बत की बात कर रहे हैं और ऐसे में कांग्रेस का ही कोई मंत्री ऐसे बयान देता है, जो समाज को तोडऩे का काम करे, तो यह सहन नहीं होगा। गौरतलब है कि विक्रमादित्य सिंह ने शहरी विकास विभाग की बैठक के दौरान बाहरी राज्यों से आने वालों का पंजीकरण करने और पहचान पत्र देने की बात कही थी। विक्रमादित्य सिंह का यह बयान ठीक उस वक्त सामने आया, जब संजौली में मस्जिद विवाद चल रहा है और पड़ोसी राज्यों में चुनाव हो रहे हैं। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया।
उधर, हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने भी इस बारे में विक्रमादित्य सिंह को नसीहत दी है। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी उनके साथ थी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा रेस्टोरेंट को मालिकों के नाम प्रदर्शित करने के आदेश पर कहा कि जो विवाद खड़ा हुआ, इसके पीछे ऐसी कोई गलत मंशा नहीं थी। अब एक कमेटी गठित की गई है। इसमें वरिष्ठ नेता हैं, जो फैसला लेंगे कि आगे क्या करना है।