Himachal Pradesh

हिमाचल को मिलेंगी 3000 किलोमीटर लंबी सडक़ें

Spread the love

मंत्री विक्रमादित्य सिंह बोले, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के चौथे चरण में मंजूरी मिलने की उम्मीद

संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के चौथे चरण में हिमाचल को 3000 किलोमीटर लंबी सडक़ें मिलने की उम्मीद है। चौथे चरण में 100 से 250 तक की आबादी वाले गांव जो पहले छूट गए थे, उन्हें सडक़ से जोड़ा जाएगा। यह बात पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कही है। उन्होंने बताया कि पीएमजीएसवाई के चौथे चरण को लेकर ग्रामीण विकास मंत्रालय की अहम बैठक दिल्ली में 15 अक्तूबर को होगी। इस बैठक के लिए पीडब्ल्यूडी के तमाम अधिकारी दिल्ली के संपर्क में हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पीएमीएसवाई के चौथे चरण में बजट का प्रावधान जनजातीय विकास मंत्रालय से होने जा रहा है।
केंद्र सरकार से मंजूरी मिलते ही जनतातीय इलाकों पांगी, भरमौर, लाहुल-स्पीति और किन्नौर में बड़े पैमाने पर उन सडक़ों का निर्माण शुरू हो जाएगा, जो अभी तक कच्ची हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट के दौरान पीएमजीएसवाई के चौथे चरण का ऐलान किया था और अब इसके बाद इस प्रोजेक्ट की गाइडलाइन तय हो गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले और दूसरे चरण में छूट गई करीब 830 किलोमीटर लंबी सडक़ें इस दौरान कवर होंगी, जबकि प्रदेश में 700 किलोमीटर कच्ची सडक़ें पक्की हो पाएंगी। उन्होंने कहा कि अन्य सडक़ें 100 से 250 की आबादी वाले गांव के लिए नए सिरे से बनाने का प्रयास पीडब्ल्यूडी ने किया है।
एमरजेंसी वाली सांसद भी लाएं कोई बड़ा प्रोजेक्ट
विक्रमादित्य सिंह ने मंडी की सांसद कंगना रणौत पर फिर तंज कसा है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि एमरजेंसी वाली सांसद को भी चाहिए कि वह हिमाचल के लिए कोई बड़ा प्रोजेक्ट लेकर आएं।