Politics

कांग्रेस-एनसी गठबंधन में आने को तैयार पीडीपी

Spread the love

फारूख बोले, अच्छी बात है एग्जिट पोल्स में इसी गठबंधन की बन रही सरकार

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल जारी होने के बाद नेशनल कान्फ्रेंस के प्रेजिडेंट फारूख अब्दुल्ला ने खुशी जताई है कि एनसी और कांग्रेस मिलकर सरकार बनाते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीडीपी हमसे जुडऩे के लिए तैयार है, यह बेहद अच्छी बात है। दरअसल, एग्जिट पोल सामने आने के बाद पीडीपी नेता जुहैब युसुफ मीर ने बयान दिया कि भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए वे नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस के साथ गठबंधन करने को तैयार हैं। पीडीपी नेता के इस बयान को लेकर फारूख अब्दुल्ला ने कहा कि उन्हें बधाई हो।

उनकी सोच अच्छी है, हम सभी एक राह पर हैं। नफरत को हमें खत्म करना है और जम्मू-कश्मीर को इकट्ठा रखना है। गौर हो कि शनिवार को जारी हुए एग्जिट पोल्स में घाटी में एनसी-कांग्रेस की सरकार बनती नजर आ रही है। 10 पोल में से पांच एनसी-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बना रहे हैं, जबकि पांच में वह बहुमत से 10 से 15 सीटें दूर दिख रही है। कुछ एग्जिट पोल में एनसी-कांग्रेस गठबंधन को 40 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा 30 सीटें ला सकती है। पीडीपी और अन्य को 10-10 सीटें आएंगी। ऐसे में सरकार बनाने में पीडीपी अहम साबित हो सकती है। ऐसे में पीडीपी के समर्थन के बाद अब जम्मू-कश्मीर में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने के पूरे आसार हैं।