आज कैंसर अस्पताल को मिलेगा नया भवन, सीएम सुक्खू करेंगे उद्घाटन
आईजीएमसी में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे उद्घाटन
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे
इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज और अस्पताल में कैंसर अस्पताल की नई बिल्डिंग का उद्घाटन सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू किया जाएगा। यह भवन कुछ महीने पहले तैयार हो गया था, लेकिन शुभारंभ अब हो रहा है। मुख्यमंत्री इस दौरान आईजीएमसी को लेकर भी कोई नई घोषणा कर सकते हैं। नई बिल्डिंग में कैंसर के मरीजों का उपचार आधुनिक तरीके से किया जाएगा। कैंसर के मरीजों के लिए सीटी स्टिमुलेटर मशीन और साथ ही धरातल की मंजिल पर एक लिनेक मशीन को लगा दिया गया है। सीटी स्टिमुलेटर मशीन लगने पर चिकित्सक जिस जगह पर कैंसर हुआ है, शरीर के उसी हिस्से की आसानी से स्कैनिंग कर सकेंगे। इसके अलावा मशीनों से रेडिएशन का खतरा भी कम रहेगा। आईजीएमसी के कैंसर अस्पताल में उपचार करवाने आए मरीजों को अब बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही ओपीडी और वार्ड की सुविधा भी मरीजों को जल्द ही मिलना शुरू हो जाएगी।
बता दें कि कैंसर अस्पताल की इस नई पांच मंजिला बिल्डिंग में टॉप फ्लोर पर पांच ओपीडी मरीजों के लिए होंगी। साथ ही मरीजों के लिए सडक़ के साथ ही अलग से ओपीडी की सुविधा भी है। इसके अलावा पुरुषों और महिलाओं के लिए 20 बिस्तरों वाला वार्ड भी बनकर तैयार कर दिया है, जिसमें 10 बिस्तर पुरुष और 10 महिलाओं के लिए हैं। इससे मरीजों को अब तक जो बिस्तर न मिलने की समस्या होती थी, वह भी खत्म हो जाएगी। वर्तमान में जिस भवन में ओपीडी चल रही है, वहां जगह की कमी होने से मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। पर अब कैंसर अस्पताल में आए मरीजों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। आईजीएमसी की प्रिंसीपल डा. सीता ठाकुर ने बताया कि कैंसर अस्पताल की नई बिल्डिंग बन के तैयार हो चुकी है। साथ ही सोमवार को मुख्यमंत्री आईजीएमसी अस्पताल में नई कैंसर बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे।
