मंडी में बगलामुखी रोप-वे तैयार अब सरकार के आने का इंतजार
पहले पांच अक्तूबर, अब पांच नवंबर उद्घाटन की डेट भी निकली
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
हिमाचल सरकार का बगलामुखी रोप-वे उद्घाटन के इंतजार में है। पहले पांच अक्तूबर की तारीख दी थी मगर तब भी मुख्यमंत्री नहीं जा सके और अब पांच नवंबर की तारीख भी निकल गई है। अभी तक यह पता नहीं चल पा रहा है कि आखिर किस तारीख को इसका उद्घाटन होगा। हालांकि इसका ट्रायल पूरी तरह से सफल हो चुका है, मगर इसमें अभी एक कमी है। बताया जाता है कि रोप-वे इंस्पेक्टर की मंजूरी इसे नहीं मिल पाई है, जिसके लिए प्रधान सचिव परिवहन ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की है। सूत्रों की मानें तो यहां लोक निर्माण विभाग के पास कोई रोप-वे इंस्पेक्टर नहीं था लेकिन किसी अधिकारी को इसकी शक्तियां दे रखी हैं जो कि विभाग का इंजीनियर है।
उसके माध्यम से इसकी इंस्पेक्शन करके जल्द से जल्द सर्टिफिकेट देने की मांग यहां पर उठाई गई है। अभी तक यह मामला आगे नहीं बढ़ाया जा सका है, जिसके चलते बगलामुखी रोप-वे फंसा हुआ है। सरकारी क्षेत्र में यह पहला रोप-वे प्रोजेक्ट है, जो बनकर तैयार हो चुका है, परंतु इसके उद्घाटन का इंतजार हो रहा है। जिस कंपनी ने इसे तैयार किया है वो पूरी तैयारियां करके बैठी है कि इसका उद्घाटन होगा और इसे संचालित कर दिया जाएगा।
नाबार्ड की मदद से रोप-वे का निर्माण
मंडी के बगलामुखी में रोप-वे का निर्माण सरकार ने नाबार्ड की मदद से किया है, ताकि यहां पर नया टूरिस्ट स्पॉट डिवेलप हो वहीं यहां पर स्थानीय लोगों को भी रोप-वे की मदद मिल सके। इससे काफी ज्यादा राहत यहां पर मिलने वाली है, मगर वह तब है जब इस रोप-वे को शुरू किया जाएगा। अब देखना होगा कि कब तक इसका उद्घाटन होगा।
