चौबिया पंचायत घर में सयुंक्त जागरूकता शिविर आयोजित
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे भरमौर,
कृषि आत्मा परियोजना के तहत किसानों को प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करने के लिए चौबिया पंचायत घर में एक विशेष सयुंक्त जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान कृषि आत्मा परियोजना की ओर से खंड तकनीकी प्रबंधक मुकेश कुमार ने कहा की संयुक्त शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभों और इसकी तकनीकों के बारे में जानकारी देना है, ताकि वे रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के बिना, अधिक टिकाऊ और लाभदायक खेती कर सकें।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता शिविर से किसानों को खेती में आने वाली लागत को कम करने और आय को बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कृषि आत्मा परियोजना का यह प्रयास है कि किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।
शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों को जैविक खाद, वर्मी कंपोस्ट, जैविक कीटनाशक, और विविध फसल प्रणाली (मल्टीक्रॉपिंग) जैसे कई प्राकृतिक खेती के तरीकों के बारे में जागरूक किया। साथ ही, प्राकृतिक खेती से संबंधित सरकारी योजनाओं, अनुदान और अन्य लाभों की जानकारी भी प्रदान की गई।
शिविर में सभी विभागों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं से लोगों को रूबरू करवाया तथा उन्हें लाभ लेने के लिए प्रेरित भी किया। इस दौरान कृषि विभाग की तरफ से किसानों को मटर के बीच भी वितरित किए गए ।
इस अवसर पर पंचायत उप प्रधान अंकज कुमार ,वार्ड पंच प्रसोतम कुमार और विभिन्न विभागीय अधिकारी व कर्मचारी सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
