चम्बा में अवैध लकड़ी का पकड़ा गया जखीरा
वन मंडल चंबा के दायरे में आने वाले मसरूंड रेज में देवदार की लकड़ी के 19 नग को अवैध रूप से ले जाते हुए एक गाड़ी को पकड़ा है। वन विभाग ने गाड़ी चालक के खिलाफ सीआरपीसी की धारा 379 व वन अधिनियम 52 के तहत मामला दर्ज किया है। वन मंडलाधिकारी चंबा अमित शर्मा ने इस बात की पुष्टि की। जानकारी के अनुसार वन विभाग को रविवार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि डूगली क्षेत्र से देवदार की अवैध लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने पर वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो टीमों का गठन किया। वन मंडलाधिकारी चंबा अमित शर्मा ने बताया कि रात करीब 1 बजकर 24 मिनट को वन विभाग द्वारा गठित टीमों ने जब उक्त इलाके की रेकी की तो एक गाड़ी अवैध लकड़ी लेकर आ रही गाड़ी को एस्कॉर्ट कर रही थी, वन विभाग की टीम को देखकर मौके से भाग गई लेकिन जिस गाड़ी नंबर एचपी-73-9512 में देवदार के 19 स्लीपर ले जाए जा रहें तो उसे वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया लेकिन उक्त गाड़ी का चालक रात के अंधेरे में भाग गया। वन विभाग की टीम ने उक्त गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर सोमवार को गाड़ी मालिक नजीर दिन पुत्र लाल दीन निवासी गांव पटोलू डाकघर चरोड़ी व उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वन मंडलाधिकारी चंबा ने बताया कि सोमवार को गाड़ी मालिक को उसकी गाड़ी को अवैध लकड़ी की तस्करी के साथ पकड़े जाने के बारे में बताया गया। उसने मौके पर पहुंच कर बताया कि इस मामले से उसका कोई लेना देना नहीं है और गाड़ी चालक ने ऐसा क्यों किया इस बारे में उसे कुछ भी पता नहीं है। ऐसे में वन विभाग ने इस मामले की पुलिस में गाड़ी मालिक व चालक के खिलाफ सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज करवाने की बात कही तो साथ ही वन अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया है। वन मंडल अधिकारी ने बताया कि पकड़ी गई लकड़ी का मूल्य 1 लाख के करीब है।
