सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 360 करोड़ जारी, 8.24 लाख लोगों को लाभ
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
विधानसभा में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दी जानकारी, 8.24 लाख लोगों को लाभ
हिमाचल में 8,24,929 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 360 करोड़ जारी हो गए हैं। यह राशि पेंशनधारकों के खातों में क्रेडिट करने के आर्डर जारी हो गए हैं। अधिकांश पैसा ट्रेजरी से निकल भी गया है। यह जानकारी विधानसभा में मुख्यमंत्री की जगह जवाब दे रहे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दी। मुख्यमंत्री सुक्खू हमीरपुर दौरे के कारण बुधवार को विधानसभा में नहीं थे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उन्हें अभी सूचना मिली है कि सोशल सिक्योरिटी पेंशन के 360 करोड़ रिलीज कर दिए गए हैं। राज्य सरकार त्रैमासिक आधार पर यह पेंशन देने के बजाय मासिक आधार पर भुगतान करना चाहती थी, जिसके कारण नई प्रक्रिया पर काम चल रहा था। इसी वजह से इस बार यह पेंशन लेट हुई। हिमाचल में वर्तमान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत कुल 8,24,929 लाभार्थी हैं। इनके लिए पेंशन की वर्तमान व्यवस्था ट्राइबल एरिया में साल में दो बार एडवांस देने की है, जबकि नॉन ट्राइबल एरिया में त्रैमासिक आधार पर भुगतान एडवांस में किया जाता है।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के दो हिस्से हैं। एक नेशनल सोशल सिक्योरिटी पेंशन स्कीम है और दूसरी स्टेट के बजट से चलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं हैं। इनमें ओल्ड एज, विधवा और दिव्यांग पेंशन भी शामिल हैं। सीएजी ऑडिट में बार-बार यह बात आ रही थी कि राज्यों को त्रैमासिक के बजाय हर महीने सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान लाभार्थी के खाते में डीबीटी के जरिए करना चाहिए। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान ही नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने यह सवाल राज्यपाल अभिभाषण की चर्चा में भी उठाया था।
