तुर्की से सेब आयात पर पीएम से होगी बात, सीएम सुक्खू बोले, 24 मई को दिल्ली में होगी मुलाकात
सीएम सुक्खू बोले; 24 मई को दिल्ली में होगी मुलाकात, तुर्की से कारोबार बंद करने की प्रदेश भर में उठ रही मांग
तुर्की से सेब के आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग हिमाचल कर रहा है। हिमाचल ने उसकी कंपनियों के बहिष्कार पर भी आवाज बुलंद की है। इसपर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तुर्की से देश में होने वाले सेब के आयात पर प्रतिबंध की मांग उठाएंगे। शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष न सिर्फ व्यक्तिगत तौर पर इस मसले को उठाएंगे, बल्कि इस बारे में पत्र भी लिखेंगे। उन्होंने कहा कि 24 मई को देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नीति आयोग की बैठक होगी, जिसमें वह भी शामिल रहेंगे। वह हिमाचल के हितों से जुड़े मुद्दों को वहां उठाएंगे। उन्होंने कहा कि बैठक से अलग वह पीएम मोदी से तुर्किए से आ रहे सेब का मामला उठाएंगे और इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि तुर्किए से आयातित सेब के कारण प्रदेश के बागबान भी प्रभावित हो रहे हैं। इससे यहां के सेब को उचित दाम नहीं मिल पाता है। वैसे भी तुर्किए के साथ संबंध सही नहीं हैं, क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को सेब पर आयात शुल्क तुरंत दोगुना करना चाहिए। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों का तहेदिल से स्वागत है। हिमाचल प्रदेश सुरक्षा और पर्यावरण की दृष्टि से पूरी तरह सुरक्षित है और अनुकूल है।
