Himachal Pradesh

प्रदेश में बर्फबारी से जून का स्वागत, चोटियों पर गिरी बर्फ; कल से आंधी-बारिश-ओलावृष्टि

Spread the love

राज्य में जून महीने में भी बर्फबारी हुई है। यह बर्फबारी मनाली से ऊपर और लाहुल-स्पीति की तरफ रोहतांग के टॉप पर हुई है। रविवार को हुई बर्फबारी अब इतिहास में दर्ज हो गई है, क्योंकि इस महीने में हिमाचल में भी गर्मी चरम पर होती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार छह जून से मौसम साफ हो जाएगा, जो लगभग एक महीने से खराब चल रहा है और आए दिन यहां बारिश हो रही है। इसके साथ अभी तीन व चार जून को मौसम विभाग ने कई स्थानों पर भारी बारिश, आंधी व ओलावृष्टि का अलर्ट दिया है।
जून महीने में राज्य में अगामी दिनों के दौरान भी आंधी, बारिश, ओलावृष्टि व चोटियों पर एक दो स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक प्रदेश 3 व 5 जून को बहुत भारी बारिश के साथ आंधी व ओलावृष्टि होगी। मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर, लाहौल स्पीति व शिमला में मूसलाधार बारिश के सहित आंधी व ओलावृष्टि होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शेष जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है।
बर्फबारी ने रोके पांगी घाटी के लोगों के कदम
चंबा। चंबा-पांगी वाया साच पास मार्ग पर करीब डेढ़ फुट तक ताजा बर्फबारी हुई है। ताजा बर्फबारी के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यातायात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इससे पांगी घाटी के लोगों को अब चंबा मुख्यालय पहुंचने के लिए जम्मू-कश्मीर या कुल्लू का सैकड़ों किलोमीटर लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा। जब तक मार्ग बहाल नहीं होता, तब तक पर्यटक साच पास नहीं जा सकेंगे।