Himachal Pradesh

चुनाव की तैयारियों में जुटा राज्य चुनाव आयोग

Spread the love

शिमला में पंचायत प्रतिनिधियों और शहरी निकाय कर्मियों की ट्रेनिंग शुरू
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। राज्य चुनाव आयोग ने इसे लेकर अपनी तैयारियों को शुरू कर दिया है और अब पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने का क्रम शुरू हो गया है। यहां हिप्पा में इन दिनों प्रशिक्षण चल रहा है। राज्य चुनाव आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर के अलावा संजीव महाजन इन प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में पंचायती राज संस्थाओं व शहरी निकायों के चुनाव होने हैं।
इनके लिए जल्दी ही सीमाओं को सील कर दिया जाएगा। सीमाओं की हदबंदी का काम एक तरफ चल रहा है तो दूसरी ओर कर्मचारियों को प्रशिक्षण का दौर चल रहा है। इन्हें बताया जा रहा है कि कैसे इन चुनावों को निपटाया जाए। क्योंकि पंचायतों में बैलेट बॉक्स के जरिए ही चुनाव होंगे, लिहाजा इस प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षण जरूरी रहता है। प्रशिक्षण का दौर चलता रहेगा और इसके लिए राज्य चुनाव आयोग ने अलग-अलग जिलों से कर्मचारियों को शिमला बुला रखा है। नौ जून तक सभी जिलों के इन कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर दिया जाएगा।
पंचायत चुनावों के लिए हो रही बैलेट बॉक्स की व्यवस्था
राज्य चुनाव आयोग ने यहां बैलेट बॉक्स की व्यवस्था कर दी है और इनको सुरक्षित रखने के साथ इन बॉक्स को तैयार करने का काम चल रहा है। कुछ बॉक्स दूसरे राज्यों से भी यहां पर मंगवाए जा सकते हैं। इस वक्त प्रदेश में 3577 पंचायतें हैं, जिसमें से कुछ पंचायतें और कम हो सकती हैं।