उपराष्ट्रपति धनखड़ कल पहुंचेंगे शिमला
सात जून को सोलन में पूर्व चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया टीएस ठाकुर के घर जाएंगे
महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस बार समर वेकेशन पर शिमला नहीं आई थीं, लेकिन अब उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शिमला आ रहे हैं। उनका प्रस्तावित कार्यक्रम शेड्यूल जारी हो गया है, जिसके तहत वह छह जून को शिमला पहुंचेंगे। जगदीप धनखड़ पहली बार यहां आ रहे हैं, जो शिमला में राजभवन में रुकेंगे। शेड्यूल के अनुसार वह पांच जून को दिल्ली से चंडीगढ़ आएंगे और इस दिन चंडीगढ़ में ही पंजाब राजभवन में रुकेंगे। छह जून को वह सुबह चंडीगढ़ एयरपोर्ट से शिमला के अनाडेल हेलिपैड पर आएंगे। अनाडेल में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ उनका स्वागत करेंगे। वह अनाडेल से सीधा राजभवन जाएंगे। राजभवन उनके स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है, जहां पर तैयारियों को अंजाम दिया जा रहा है। सात जून को उपराष्ट्रपति शिमला से सोलन जाएंगे।
वह डा. वाईएस परमार वानिकी विश्वविद्यालय के हेलिपैड पर उतरेंगे। यहां से वह सीधे सुप्रीम कोर्ट के सेनानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर के घर जाएंगे, जहां पर कुछ समय बिताने के बाद वह वापस डा. वाईएस परमार वानिकी विश्वविद्यालय आएंगे। यहां छात्रों व रिसर्चर से उनकी मुलाकात होगी और उनके साथ वह संवाद करेंगे। यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उप राष्ट्रपति चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। चंडीगढ़ से उनका बंगलुरू जाने का कार्यक्रम है।