Himachal Pradesh

फोरलेन कंपनी पर FIR, मंडी-पठानकोट फोरलेन के काम से चार सडक़ों को नुकसान, PWD नेे मांगी कार्रवाई

Spread the love

मंडी-पठानकोट फोरलेन के पांचवें चरण के अंतर्गत नारला से बिजनी तक फोरलेन कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य से पद्धर उपमंडल की चार प्रमुख सडक़ों को गंभीर क्षति पहुंची है। लोक निर्माण विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी के खिलाफ पुलिस थाना पद्धर में प्राथमिकी दर्ज करवा दी है। लोक निर्माण विभाग का आरोप है कि कंपनी द्वारा भारी मशीनरी और निर्माण सामग्री के अव्यवस्थित उपयोग से द्रंग-बसाही सडक़ के किलोमीटर 0/285 से 0/350 तक हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
इससे न केवल यातायात बाधित हुआ है, बल्कि आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग पद्धर द्वारा थाना प्रभारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में उल्लेख किया गया है कि सडक़ की टायरिंग, नालियां, पाइप कलवर्ट तथा शोल्डर को नुकसान पहुंचाया गया है। कंपनी पर पूर्व में दिए गए दो नोटिस भी बेअसर विभाग ने 15 जनवरी और 23 जनवरी, 2025 को कंपनी को नोटिस जारी कर क्षति सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन कोई संज्ञान नहीं लिया गया। कुफरी, बड़ीधार, बह व भड़वाहण आदि पंचायतों के प्रधानों एवं उपप्रधानों ने कंपनी के खिलाफ आवाज बुलंद की है। थाना प्रभारी पद्धर सौरभ ठाकुर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
15 लाख का नुकसान
अब तक विभाग को चार सडक़ों कुन्नू-बसाही, कुन्नू-बड़ीधार-गजौन, साहल-संगलेहड़-गरलोग, और नारला से डिग्री कालेज तक सडक़ में लगभग 15 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हो चुका है। अस्थायी मरम्मत कार्य विभाग अपने संसाधनों से कर रहा है, ताकि यातायात चालू रह सके।