Himachal Pradesh

नीरज ने डाली चंद्र के इस्तीफे की पोस्ट

Spread the love

 फेसबुक पर बेटे ने कर दी मंत्री पिता के रिज़ाइन की घोषणा
कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के बेटे नीरज भारती द्वारा सोशल मीडिया पर अपने पिता के इस्तीफे की खबर पोस्ट किए जाने से सियासी गलियारों में हडक़ंप मच गया है। हालांकि अभी तक इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नीरज भारती ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से दावा किया है कि उनके पिता चौधरी चंद्र कुमार ने मंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। इस पोस्ट के सामने आते ही सियासी हलकों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। बता दें कि नीरज भारती का अपने पिता से कई सियासी मसलों पर पहले भी सियासी मतभेद रहा है, जिसके चलते इस पोस्ट को शुरुआती तौर पर ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया जा रहा था। यदि नीरज भारती की यह पोस्ट सही साबित होती है, तो यह हिमाचल प्रदेश की राजनीति में नई हलचल शुरू कर देगी। हालांकि सूत्र दावा कर रहे हैं कि नीरज की खुद की क्रिएशन है।
वह सोशल मीडिया पर कुछ भी लिख देते हैं। साथ ही राजनीति के जानकार यह भी कह रहे हैं कि पिता के इस्तीफे की सूचना पुत्र द्वारा दिया जाना वैसे भी गंभीरता से दूर है। इस मामले पर पूर्व सीपीएस नीरज भारती या मंत्री चौधरी चंद्र कुमार से संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे इस खबर की प्रामाणिकता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसके अलावा यह भी पूरी तरह से पुष्टि नहीं हो पाई है कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट वास्तव में नीरज भारती के आधिकारिक सोशल अकाउंट से ही की गई है या नहीं। फिलहाल चौधरी चंद्र कुमार के इस्तीफे की खबर केवल नीरज भारती की सोशल मीडिया पोस्ट तक ही सीमित है। फिर भी सरकार विरोधी इस पोस्ट को वायरल करने में जुटे हैं। प्रदेश भर में पत्रकारों केा कई माध्यमों से यह पोस्ट शेयर की गई है।