जल्द खोला जाए हडसर कुगति सडक मार्ग पूर्व प्रधान रीना देवी
निर्वाचन क्षेत्र भरमौर की अंतिम छोर की ग्राम पंचायत कुगती में पिछले 15 दिनों से सड़क खराब होने के कारण गर्भवती महिलाओं के भविष्य पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। कुगति मार्ग पर बारिश का कहर बरसने के चलते यह मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है और वाहनों की आवाजाही लंबे समय से ठप पड़ी हुई है । जिसके चलते कुगति मंदिर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को करीब 16 किलोमीटर सफर पैदल ही तय करना पड़ रहा है। पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत कुगती रीना देवी ने बताया कि गत दिनों हुई बारिश के कारण कुगति रोड जगह-जगह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिसके कारण पिछले कई दिनों से वाहनों की आवाजाही भी मार्ग पर बंद पड़ी हुई है। वहीं सड़क मार्ग बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानीयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा है कि यातायात बहाल होने हेतु कई मर्तबा लोक निर्माण विभाग के समक्ष मौखिक और लिखित तौर पर मिल चुकी है लेकिन अभी तक लोक निर्माण विभाग ने कोई भी सुनवाई नहीं की है । साथ ही पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत कुगती रीना देवी ने कहा है कि वहां पर कुछ गर्भवती महिलाएं हैं जिनके प्रसव की तिथि इस महीने के अंत तक स्वास्थ्य विभाग ने दी है लिहाजा मार्ग ना खुलने के कारण किसी मरीज या गर्भवती महिलाओं के साथ अनहोनी घटना घटित होती है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी विभाग और प्रशासन की होगी।
