धर्मशाला में भाई और मां का इंतजार करता रह गया रोहित
धर्मशाला में भाई और मां का इंतजार करता रह गया रोहित*
सड़क हादसे में जहां मां और बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ा है तो वहीं, क्षेत्र मेें बतौर टीजीटी अध्यापक कार्यरत राकेश कुमार की भी मौत हुई है। मां और बेटे की मौत के बाद अब परिवार में केवल एक छोटा लड़का शेष बचा हुआ है। दोनों बेटों के सिर से काफी समय पहले पिता का साया उठ गया था। पिता की मौत हिमखंड की चपेट में आने से हुई थी।*
चंबा*। लाहौल के जाहलमां के पास हुए सड़क हादसे में मां और बेटे की मौत के बाद जनजातीय क्षेत्र पांगी में मातम छा गया है। सड़क हादसे में जहां मां और बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ा है तो वहीं, क्षेत्र मेें बतौर टीजीटी अध्यापक कार्यरत राकेश कुमार की भी मौत हुई है। मां और बेटे की मौत के बाद अब परिवार में केवल एक छोटा लड़का शेष बचा हुआ है। दोनों बेटों के सिर से काफी समय पहले पिता का साया उठ गया था। पिता की मौत हिमखंड की चपेट में आने से हुई थी। इसके बाद मां ने दोनों बेटों की परवरिश की। धर्मशाला में पढ़ाई कर रहे रोहित ने रविवार सुबह ही अपने बड़े भाई मोहित कॉल किया और बताया कि पांगी में ठंड काफी बढ़ गई है, इसलिए मां को लेकर धर्मशाला आ जाओ। ताकि आगामी दो से तीन महीने धर्मशाला में मां के साथ रह सकें। छोटे भाई की बात मानकर मोहित ने पूरी तैयारी धर्मशाला आने के लिए कर ली। मगर मोहित नहीं जानता था कि सफर में मौत उसका इंतजार कर रही है। जैसे ही गाड़ी जाहलमां नामक जगह के समीप पहुंची तो अनियंत्रित होकर गाड़ी खाई में जा गिरी। इस कारण गाड़ी सवार तीनों लोगों की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया गया। परिवार में केवल इकलौता बेटा बचा हुआ है, जो कि अभी धर्मशाला में पढ़ाई कर रहा है। मृतक मोहित मर्चेंट नेवी में सेवाएं दे रहा था और कुछ समय पहले ही पांगी पहुंचा था। वहीं, दूसरी तरफ भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है।
