आ गए चुनाव… हटाओ होर्डिंग्स, लोकसभा चुनावों को लेकर चंबा में आचार संहिता लागू, 24 घंटे में समेटो बैनर-पोस्टर

ट्राइबल टुडे चंबा
चंबा उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंबा मुकेश रेप्सवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव-2024 की तिथियां घोषित होते प्रदेश सहित जिला चंबा में भी तुरंत प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे में अब भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी परिसरों में स्थापित राजनीतिक संदेश अथवा राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स को 24 घंटे की समय सीमा के भीतर हटाए जाएंगे, जबकि सार्वजनिक संपत्ति में लगे होर्डिंग्स को हटाने की निर्धारित समय सीमा 48 घंटे है। इसके अतिरिक्त निजी संपत्ति में लगे होडिंग के लिए 72 घंटे की समय सीमा निर्धारित है। उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार निजी संपत्ति मालिक की अनुमति के बिना उसकी व्यक्तिगत संपत्ति का उपयोग बैनर लगाने, स्लोगन लिखने, पंपलेट चिपकाने इत्यादि के लिए नहीं कर सकता है।
वह शनिवार शाम को बचत भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उपायुक्त ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव स्वस्थ लोकतंत्र का आधार है। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि वे लोकतंत्र के महाकुंभ लोकसभा चुनाव 2024 में ज्यादा से ज्यादा भागीदार बनें तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राहुल चौहान, सहायक आयुक्त पीपी सिंह, तहसीलदार निर्वाचन अनूप डोगरा, नायब तहसीलदार संजय शांडिल उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन संबंधी प्रिंटेड सामग्री में प्रिंटर का नाम व पता तथा प्रतिलिपियों की संख्या लिखना अनिवार्य है। तथा इसे सुनिश्चित करना संबंधित राजनीतिक दल अथवा उम्मीदवार का भी दायित्व है। उन्होंने जानकारी दी की चुनाव आचार संहिता के दौरान 50 हजार या इससे अधिक कैश साथ लेकर चलने के दौरान आवश्यक दस्तावेज होना अनिवार्य है।
सात दिन में पुलिस थाने में जमा करवाओ हथियार
आचार संहिता के दौरान हथियार के साथ चलना मना है तथा जिला में सभी बंदूक धारकों को अगले सात दिनों के भीतर अपना हथियार नजदीकी पुलिस थाना में जमा करवाना होगा। मुकेश रेपसवाल ने बताया कि मतदाता को मतदान के लिए किसी भी प्रकार का प्रलोभन देना अथवा डराना धमकाना आचार संहिता की उल्लंघना है तथा इस संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत को टोल फ्री नंबर 1950 पर दर्ज करवाया जा सकता है।
