Himachal Pradesh

एचपीयू के 300 कर्मी चुनाव ड्यूटी पर

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

पीजी एंट्रेंस एग्जाम, यूजी के रिजल्ट समय पर निकालना चुनौती

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से करीब तीन सौ कर्मचारियों को चुनाव की ड्यूटी पर लगाया गया है। अधिकतर विभागों में चुनावी कर्मचारियों की रिहर्सल भी शुरू हो गई है। कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी लगने से विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखाओं में चल रहे परीक्षा परिणाम तैयार करने का कार्य प्रभावित हो सकता है। इन दिनों विवि में पीजी कोर्स के लिए एंट्रेंस एग्जाम की तैयारियां चल रही हैं। मई में ये प्रवेश परीक्षाएं होनी हैं। ऐसे में एग्जाम की तैयारियों के लिए एचपीयू के पास पर्याप्त स्टाफ नहीं होगा। इसके साथ ही यूजी की परीक्षाएं भी 25 अप्रैल के आसपास खत्म होनी हैं। ऐसे में सबसे बड़ी चुनौती समय पर रिजल्ट निकालने की है।
हर बार छात्रों का रिजल्ट लेट हो जाता है। एचपीयू में एक कर्मचारी की काम चार कर्मचारियों के सर पर है। एक पेपर को चैक करने से लेकर मूल्याकंन करने का काम शिक्षकों के भरोसे है। परीक्षा शाखा में मई और जून दो महीने पीक के हैं। इन दो महीनों में सबसे ज्यादा परीक्षा विंग में काम रहता है। ऐसे में अब चुनाव ड्यूटी में कर्मचारी जाएंगे, तो इससे पूरा काम काज प्रभावित किया। प्रो. श्याम लाल कौशल, परीक्षा नियंत्रक एचपीयू ने बताया कि एचपीयू की परीक्षा शाखा की ओर से वीसी को लिखित में दिया गया है कि कम से कम कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगाई जाए और परीक्षा शाखा से तो कर्मचारी बिलकुल न भेजे जाएं। वहीं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारियों की संयुक्त समन्वय समिति ने विश्वविद्यालय के कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी लगाए जाने पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया है।