Politics

केजरीवाल का पीए बिभव अरेस्ट, अग्रिम जमानत याचिका खारिज

Spread the love

मालीवाल के साथ मारपीट का आरोप
मालीवाल की मेडिकल रिपोर्ट में बाएं पैर और दाहिने गाल पर चोट के निशान
एक और वीडियो आया सामने सिक्योरिटी अफसर हाथ पकडक़र ले जा रहे बाहर

संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
सीएम बोले; सभी नेताओं संग भाजपा मुख्यालय जाऊंगा जिसे अरेस्ट करना है, कर लें
आप सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट के मामले में शनिवार को दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए सिविल लाइंस थाने ले आई। उधर, बिभव कुमार को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट से राहत नहीं मिली, जिसके बाद वह फिलहाल बाहर नहीं आ सकेंगे। दरअसल मामले बहस पूरी होने के बाद सरकारी वकील ने अदालत को बताया कि बिभव कुमार को शाम 4:15 बजे गिरफ्तार कर लिया गया है, ऐसे में उनकी अग्रिम जमानत का मामला नहीं बनता और उनकी याचिका अर्थहीन हो गई है, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया। अब इस मामले में नई याचिका लगानी होगी। वहीं स्वाति मालीवाल की मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) रिपोर्ट आ गई है।
रिपोर्ट के अनुसार उनके बाएं पैर और दाहिने गाल पर चोट के निशान हैं। 16 मई की रात को स्वाति मालीवाल की जांच के बाद मेडिको-लीगल केस रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जांच एम्स दिल्ली के जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में की गई थी। रिपोर्ट में कहा गया है स्वाति मालीवाल को समीपस्थ बाएं पैर के पृष्ठ भाग पर 3म2 सेंटीमीटर आकार की चोट लगी। वहीं दाहिनी आंख के नीचे दाहिने गाल पर 2म2 सेंटीमीटर आकार की एक और चोट का निशान है। रिपोर्ट आने के कुछ घंटे बाद ही दिल्ली पुलिस सीएम हाउस पहुंची और बिभव कुमार को अरेस्ट कर लिया। उधर, मारपीट मामले में एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो के मुताबिक, सीएम आवास में मौजूद सिक्योरिटी अधिकारी स्वाति मालीवाल का हाथ पकडक़र उन्हें बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच इस समूचे प्रकरण पर पहली बार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है। केजरीवाल ने शनिवार शाम को प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा कि आप देख सकते हैं कि वे किस तरह से आप के पीछे पड़े हैं। वे (पीएम मोदी) एक-एक कर के आाप के नेताओं को गिरफ्तार कर रहे हैं। मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहूंगा कि आप यह ‘जेल का खेल’ खेल रहे हैं। रविवार को मैं अपने सभी शीर्ष नेताओं, विधायकों, सांसदों के साथ दोपहर 12 बजे भाजपा मुख्यालय आ रहा हूं। आप जिसे चाहें जेल में डाल सकते हैं…।