जेओए-आईटी 817 का रिजल्ट न आने पर प्रदर्शन
निराश उम्मीदवारों ने हमीरपुर में राज्य चयन आयोग के बाहर दिया धरना
संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग द्वारा पोस्ट कोड 817 का फाइनल परिणाम घोषित करने में हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों ने आयोग के बाहर धरना प्रदर्शन किया। शुक्रवार को विभिन्न जिला से अभ्यर्थी चयन आयोग पहुंचे तथा जल्द परिणाम घोषित करने की बात कही। अभ्यर्थियों का कहना है कि हर बार परिणाम घोषित करने को लेकर नई तिथि बता दी जाती है। आयोग की तरफ से परिणाम घोषित करने की तिथि 17 जुलाई, 2024 बताई गई थी। निर्धारित समय अवधि में परिणाम घोषित न करने को लेकर अभ्यर्थी प्रदर्शन पर उतर आए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक परिणाम घोषित नहीं किया जाता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। शुक्रवार के दिन भी काफी संख्या में अभ्यर्थी विरोध प्रदर्शन करने के लिए राज्य चयन आयोग के बाहर पहुंचे। अभ्यर्थियों का यह प्रदर्शन सुबह नौ से लेकर शाम पांच बजे तक चलेगा।
बता दें कि पूर्व में भंग हो चुके हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से पोस्ट कोड-817 के तहत जेओए आईटी के 1867 पद को भरने की प्रक्रिया को शुरू किया गया था। हालांकि बाद में यह पोस्ट कोड कई तरह के विवादों में उलझता रहा। वर्ष 2020-21 में प्रदेश के विभिन्न विभागों में जेओए के 1867 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। हालांकि टाइपिंग टेस्ट सही मूल्यांकन प्रक्रिया को भी पूरा कर लिया गया है।
अभी दस दिन और इंतजार
अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा परिणाम घोषित करने में अभी भी दस दिन का समय लगने की बात कही जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक परिणाम घोषित नहीं किया जाता, वे यहां निरंतर धरना देंगे। शुक्रवार को सात से आठ जिला के अभ्यर्थी प्रदर्शन में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के पास पहुंचे थे। हैरानी इस बात की रही कि आयोग के अधिकारी इस मुद्दे पर बोलने से कतरा रहे हैं। कई बार अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयत्न किया गया, लेकिन अधिकारियों ने बात करना मुनासिब नहीं समझा।
