HRTC: अब एचआरटीसी के बसों में एनसीएमसी कार्ड में कर सकेंगे कैशलेस सफर, सीएम ने शुरू की एनसीएमसी कार्ड सेवा
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को एचआरटीसी के नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड सुविधा का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया एचआरटीसी के नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड का शुभारंभ –
हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) के नेशनल कॉमन मोबिलिटी(एनसीएमसी) कार्ड से अब लोग देशभर में कैश लेस सफर कर सकेंगे। किराये के भुगतान के अलावा इस कार्ड की मदद से पार्किंग फीस भी चुकाई जा सकेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को एचआरटीसी के नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड सुविधा का शुभारंभ किया। निगम की बसों में क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और यूपीआई के अलावा अब यात्री नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के जरिये भी किराये का भुगतान कर सकेंगे। एचआरटीसी की बसों के अलावा दिल्ली मेट्रो, दिल्ली परिवहन निगम, हरियाणा रोडवेज, पश्चिमी मुंबई की बसों में यात्रा की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम देश का पहला ऐसा राज्य परिवहन उपक्रम है जिसने इस सुविधा की शुरूआत की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी और परिवहन को कारगर बनाने व यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक सफर प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी। नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के लिए इंटरनेट की आवश्यकता नहीं होगी।
