वाया कलाह मणिमहेश यात्रा करने पर मणिमहेश परिक्रमा कमेटी होली ने यात्रियों का जताया आभार
SUBSCRIBEमणिमहेश परिक्रमा यात्रा समिति होली की एक बैठक सोमवार को तहसील मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रमेश चंद गुशाली ने की, जबकि समिति के संरक्षक सुरजीत जी महाराज इस दौरान मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में यात्रा के दौरान पेश आई विभिन्न समस्याओं पर समिति के सदस्यों ने मंथन किया और आगामी वर्ष यात्रा के आयोजन को लेकर भी चर्चा की। समिति ने कहा कि आगामी वर्ष होने वाली यात्रा में वाया कलाह मणिमहेश जाने वाले यात्रियों के लिए ओर बेहतर सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास किया जाए बैठक में समिति के अध्यक्ष रमेश चंद गुशाली ने सदस्यों के समक्ष परिक्रमा यात्रा में व्यवस्थाओं को लेकर हुए खर्चे का पूरा लेखा-जोखा रखा। समिति का कहना है कि मणिमहेश परिक्रमा यात्रा के दौरान जन्माष्टमी से लेकर राधाअष्टमी तक यात्रा के विभिन्न पडावों होली, जैलखडड, भखौली में लंगर और श्रद्वालुओं के रहने की व्यवस्था प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि जैलखडड व सुखडली सरीखे स्थानों पर भोजन सामग्री समेत अन्य सामान को पहंुचाने के लिए ही समिति का खर्चा लाखों में आ जाता है। बावजूद इसके क्षेत्रवासियों और स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों के सहयोग से एकत्रित राशि से इस यात्रा का खर्चा वहन किया जाता है। बैठक में सदस्यों ने मणिमहेश परिक्रमा यात्रा में सुखडली सेक्टर बनाने की मांग भी प्रमुखता के साथ उठाई है।सदस्यों का कहना था कि उक्त स्थान पर सुविधाओं का अभाव रहता है। अगर प्रशासन की ओर से यहां पर सेक्टर स्थापित कर आगामी वर्ष यात्रा में सुविधाएं मुहैया करवाई जाती है, तो यात्रियों को ओर बेहतर सुविधा इस मार्ग पर मिल सकेगी। बैठक में समिति ने आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन,दानियों और क्षेत्र की जनता का आभार प्रकट किया है।
