Bharmour

ग्राम पंचायत न्याग्रां का राजकुमार 4 दिन से लापता …

Spread the love

ग्राम पंचायत नयाग्रां का राजकुमार 4 दिन से लापता
ट्राइबल टुडे, भरमौर
तहसील होली की ग्राम पंचायत नयाग्रां के घडौ निवासी राजकुमार उर्फ गणेशु पिछले मंगलवार से लापता हैं। राजकुमार उर्फ गणेशु पिछले करीब 15 सालों से भरमौर में किराए के मकान में रहकर दुकान में काम करता था। जानकारी के अनुसार मंगलवार को राजकुमार उर्फ गणेशु का अपनी पत्नी के साथ झगड़ा और कहासुनी हुई थी। बकायदा उसकी पत्नी ने इसकी शिकायत थाना भरमौर में भी दर्ज की है। शिकायत में उसकी पत्नी ने आरोप लगाया है कि मंगलवार को उसके पति ने उसे बेवजह तंग किया व उसे मारा लेकिन राजकुमार उर्फ गणेशु के घरवालों व रिश्तेदारों का कहना है कि पिछले 4 दिनों से राजकुमार उर्फ गणेशु का कहीं भी कोई भी अता-पता नहीं चल पा रहा है।
गणेशु के पिता पादीराम ने कहा है कि वह पेसे से भेड़ पालक हैं और अपनी भेड़-बकरियों के साथ अकेले ही कांगड़ा में हैं। लिहाजा पिछले चार-पांच दिनों से उनकी उनके बेटे के साथ कोई भी बातचीत नहीं हो पा रही है। वहीं, पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत दयोल ब्रह्मानंद ठाकुर ने कहा है कि उन्हें भी टेलिफोन के माध्यम से जानकारी मिली है कि पिछले 4 दिनों से गणेशू की दुकान बंद पड़ी हुई है। उन्होंने कहा है कि इससे पहले कभी भी गणेशु राम इतने दिनों तक दुकान बंद करके नहीं रहता था। उन्होंने कहा है कि पिछले 4 दिनों से उसके साथ कोई भी संपर्क नहीं हो पा रहा है जबकि कांगड़ा व होली में सभी रिश्तेदारों के पास उसके बारे में जानकारी हासिल की गई है।
वहीं, एएसआई भरमौर यशपाल ने कहा है कि गणेशु इससे पहले भी घर छोड़कर चला जाता था और दोबारा वापस आ जाता था। उन्होंने कहा है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और जल्द ही राजकुमार के बारे में पता लगा लिया जाएगा।
उधर, प्रधान ग्राम पंचायत नयाग्रां अशोक राजपूत ने कहा है कि उन्हें इस बारे में जानकारी मिली है और इस बारे में पुलिस को भी सूचना दे दी है।